मैनपुरी। शनिवार को सुबह से जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 677 मरीजों को उपचार दिया गया। अस्पताल में भर्ती बुखार से पीड़ित पांच माह की बच्ची की मौत हो गई। कैंसर से पीड़ित एक महिला ने भी दम तोड़ दिया। 21 मरीज भर्ती कराया, जिनमें तीन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा गया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बाल रोग विशेषज्ञ और फिजीशियन के पास पहुंचे करीब 200 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। जनपद फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव नगला स्वामी निवासी संदीप कुमार पांच माह की पुत्री प्रतिज्ञा को शुक्रवार की रात बुखार से पीड़ित होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई। शहर के मोहल्ला स्टेशन रोड गायत्री मंदिर के पास निवास करने वाली बृजेश सक्सेना की 55 वर्षीय पत्नी अनीता सक्सेना को कैंसर की शिकायत थी। शनिवार को हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना था कि बच्ची को अंतिम सांसों में भर्ती कराया गया था।