बिछवां। थाना क्षेत्र के गांव बगिया में शनिवार की रात चोरों ने एक मकान के ताले तोड़ कर अलमारी व बक्सों में रखे करीब पांच लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की सुबह जानकारी होने पर गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
थाना क्षेत्र के गांव बगिया निवासी चंदन खां दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव स्थित घर में दूसरी मंजिल पर कमरे का निर्माण चल रहा है। चार दिन पहले वह लिंटर डलवाने के लिए रुपये लेकर आये थे। दो दिन पूर्व पत्नी बेबी के साथ घर में ताला डालकर ससुराल थाना बेवर क्षेत्र के गांव सतोकपुर चला गया था। शनिवार की रात चोरों ने मकान के ताले तोड़ कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की दोपहर को जब चंदन घर वापस आया तो कमरों के ताले टूटे देख उसके होश उड़ गए। तहरीर में चंदन ने बताया कि चोर बक्सा में रखा हार, झाले, टीका, बेसर, हाथफूल, झुमकी, कुंडल, चांदी की पायल व 2.90 लाख रुपये नकद सहित करीब पांच लाख रुपये चोरी कर ले गए हैं।
------------
तहरीर पर जांच की जा रही है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विदेश पाल त्यागी, थानाध्यक्ष