एटा के मारहरा क्षेत्र में बच्चों को ले जा रही स्कूल वैन खेत में पलट गई। हादसे में पांच बच्चे घायल हो गए। इन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वैन चालक फरार हो गया है।
हादसे की शिकार वैन ड्रीम्स ऑफ पब्लिक स्कूल की है। बताया गया है कि शनिवार सुबह वैन में सवार होकर बच्चे स्कूल जा रहे थे। तभी रास्ते में वैन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।
हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। वैन में 25 बच्चे सवार थे। इनमें पांच बच्चे घायल हो गए। राहगीरों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस घायल बच्चों को अस्पताल लेकर गई। बाकी बच्चों को दूसरी वैन से स्कूल भेजा गया है। हादसे के बाद वैन चालक फरार है। उधर, घटना की जानकारी होने पर बच्चों के अभिभावक स्कूल पहुंच गए हैं।