सोरोंजी। हरि की पौड़ी में प्रदूषित पानी के कारण फिर से मछलियां दम तोड़ने लगी हैं। मछलियां मरने से गंगा भक्ति समिति में आक्रोश है। उन्होंने हरि की पौड़ी में स्वच्छ जलापूर्ति की मांग की है। नगरपालिका ने इस संबंध में सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर हरि की पौड़ी में जलापूर्ति करने की मांग की है।
हरि की पौड़ी में पानी कम होने पर प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है और ऑक्सीजन लेवल कम हो जाता है और मछलियां मरने लगती हैं। दो माह पूर्व भी पानी प्रदूषित होने पर काफी मछलियां मरीं थीं। मंगलवार की सुबह दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने जब हरि की पौड़ी में मछलियां मृत देखीं तो जानकारी नगरपालिका को दी। नगरपालिका ने कार्रवाई करते हुए हरि की पौड़ी से मृत मछलियों को बाहर निकलवा दिया। मछलियों के मरने की घटना को लेकर गंगा भक्ति समिति के अध्यक्ष सतीश भारद्वाज, आलोक कोठेवार, सुमित दीक्षित, अभिषेक शर्मा, अतुल पाराशर ने मछलियों के मरने पर आक्रोश व्यक्त किया और हरि की पौड़ी में शीघ्र स्वच्छ जलापूर्ति कराने की मांग की।
- हरि की पौड़ी में पानी कम होने और मछलियों के मरने की जानकारी जिला प्रशासन को दी है। सिंचाई विभाग से हरि की पौड़ी के लिए गोरहा माइनर से जलापूर्ति कराने का आग्रह किया गया है, जिससे समस्या का समाधान हो सके। - संतराम सरोज, ईओ, नगरपालिका।