कासगंज पति के द्वारा दूसरी शादी करने की शिकायत करने पहुंची विवाहिता अपने बच्चों के साथ ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। वजीरपुर की एक विवाहिता ने कोतवाली पुलिस को शिकायत की कि उसके पति ने उसे और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया है और दूसरी शादी रचा ली है। इस शिकायत को सदर कोतवाली पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करके पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पहली पत्नी पूजा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके पति मुकेश के साथ करीब 10 वर्ष पूर्व शादी हुई थी, लेकिन दहेज की मांग पूरी न होने से ससुराल के लोग उत्पीड़न करते रहे। शादी के बाद उसने दो बच्चों को जन्म दिया। फिर भी ससुरालीजन उत्पीड़न करते रहे। छह वर्ष पूर्व उसे घर से निकाल दिया। इसका न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। तीन वर्ष पूर्व फिर से समझौता करके घर ले आए, लेकिन उसके बाद दो वर्ष पूर्व मारपीट करके फिर से घर से निकाल दिया। पूजा ने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल को मुकेश ने उसकी शादी रमनगला की युवती से कर ली है। वह और उसका पुत्र व पुत्री दर दर की ठोकरें खा रहे हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पति मुकेश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की जांच पड़ताल जारी है। कोई अभियोग पंजीकृत नहीं किया है।