फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस के सहयोग से गांजा तस्कर को गिरफ्तार एक ट्रक से 178.26 किलोग्राम गांजा बरामद किया। ट्रक में गुप्त केबिन बनाकर 11 बोरियों में गांजा छुपाया गया था। बरामद गांजे की कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वाले गिरोह की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी। रविवार को रसूलपुर पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम नगर डाक बंगले पर रेलवे की खाली पड़ी जमीन से एक ट्रक गुजरने वाला है, जिससे गांजे की तस्करी की जा रही है।
ये भी पढ़ें - UP: बारात दरवाजे पर खड़ी थी, पुलिस ने आकर रुकवा दी शादी... इसलिए बिना दुल्हन लौट गया दूल्हा
सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनुज कुमार राना, एसओजी प्रभारी अमित तोमर ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली तो कुछ हाथ नहीं लगा। ट्रक खाली था लेकिन अंदर घुसकर देखा तो एक गुप्त केबिन बना हुआ था। जांच करने पर गुप्त केबिन से 11 बोरियों में 178 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम दिनेश बघेल निवासी भील नगर, थाना सकरौली जनपद एटा बताया है।
ये भी पढ़ें - UP: दो जवान बेटे और भाई की मौत...मदर्स-डे पर इस मां को मिली ऐसी खबर, पलभर में उजड़ गईं खुशियां
आसपास के जिलों में करता था सप्लाई
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी दिनेश ने पूछताछ में बताया कि वह सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल से तस्करी कर गांजा लाता है और उसे आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज, मैनपुरी में सप्लाई करता है। वह गांजे को फुटकर में महंगे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाता है। पिछले लगभग 6 महीने से गांजे की तस्करी कर रहा है। हमेशा खाली ट्रक में ही लाता है क्योंकि खाली ट्रक होने पर चेकिंग नहीं होती है और कोई शक भी नहीं करता।