शनिवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र में 54 माइलस्टोन पर कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक में तेज आवाज के साथ घुस गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। नसीरपुर प्रभारी बीडी पांडेय और पुलिसकर्मियों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। इनमें रविनेश, रूबी, केशव, नंदिनी की मौत हो चुकी थी।
इस दौरान कार में फंसी महिला प्रियंका और बालक लक्ष्य की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने यूपीडा एंबुलेस से उन्हें अस्पताल भेजा। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने लक्ष्य (4) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में घायल प्रियंका को आगरा रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसएसपी सचिंद्र पटेल मौके पर पहुंच गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सड़क हादसे में इलाहाबाद निवासी परिवार के पांच लोगों की मौत और महिला के घायल होने की जानकारी पर इलाहाबाद की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने डीएम चंद्र विजय सिंह, सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित से बात की। इधर परिजनों के दोपहर बाद तक नहीं पहुंचने के कारण सभी पांचों शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए आगरा के भाजपा नेता करुणानिधि गर्ग पंकज से संपर्क किया।