फिरोजाबाद के फरिहा कस्बे में जिला पंचायत सदस्य सुनील चौहान के प्रतिष्ठान पर बाइक सवार छह लोगों ने मारपीट की। जिला पंचायत सदस्य ने फायरिंग और लूटपाट का आरोप लगाया है। शोर मचाने भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ जसराना पहुंचे और उन्होंने मामला आपसी मारपीट का बताया है।
सूरजपुरा निवासी सुनील कुमार चौहान पुत्र शिवराज सिंह चौहान वार्ड संख्या 14 से जिला पंचायत सदस्य हैं। सोमवार को वे अपने प्रतिष्ठान गोपाल ऑटो सेल्स होंडा एजेंसी पर बैठे थे। करीब 11.45 बजे तीन बाइक पर सवार अगौधा एवं खुशकपुरा निवासी छह लोग आए और गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जिला पंचायत सदस्य सुनील चौहान का आरोप है कि जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर गल्ले में रखे करीब एक लाख साठ हजार रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए। जिला पंचायत सदस्य से मारपीट एवं लूटपाट की सूचना पर सीओ जसराना प्रेमप्रकाश यादव, एसओ फरिहा सर्वेश कुमार पुलिस मौके पर पहुंचे। सीओ ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
जिपं सदस्य का आरोप है कि आरोपी कई दिन पूर्व एक लाख रुपये चौथ की डिमांड कर रहे थे। मामले में खुशकपुरा और अगौधा निवासी पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसओ फरिहा सर्वेश कुमार ने कहा मामला मारपीट का है। दूसरे पक्ष ने भी सुनील चौहान के खिलाफ तहरीर दी है।
जिला पंचायत सदस्य सुनील चौहान और दूसरे पक्ष में मारपीट हुई है। दोनों एक दूसरे को अच्छी तरह से जानते हैं। मामले की जांच के बाद कार्रवाई होगी।
प्रेमप्रकाश यादव सीओ जसराना