शमसाबाद। थाना क्षेत्र के गांव धिमिश्री में शुक्रवार रात उधारी के रुपयों के विवाद में दबंगों ने एक दुकानदार के घर पर हमला बोल दिया। चार बाइकों पर सवार होकर आए आधा दर्जन से अधिक युवकों ने दुकानदार और उसके बेटे पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
पीड़ित दुकानदार बंटू सिंह ने बताया कि घाघपुरा निवासी देवा नाम के युवक पर उसकी दुकान के उधारी के पैसे बकाया थे। वह कई बार अपने पैसे मांग चुके हैं। आरोप है कि दो दिन पूर्व देवा ने उनके पुत्र करन उर्फ अन्ना को पैसे देने के बहाने बुलाया और उसके साथ मारपीट की। धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे तो अंजाम बुरा होगा। बंटू के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे जब वह और उसका बेटा दुकान पर बैठे थे, तभी चार बाइकों पर आए युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। भीड़ को अपनी ओर आता देख हमलावर बाइक सवार भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी मयंक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसीपी ने बताया लेनदेन को लेकर दुकानदार और आरोपियों के बीच पुराना विवाद था। इसी रंजिश में फायरिंग की गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।