आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के जगनेर रोड स्थित नगला शंकरलाल में मकान के अंदर चल रहे जूता कारखाने में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक दिनेश के घर में उसका एक रिश्तेदार जूता कारखाना चलाता है। गुरुवार करीब दोपहर 3:00 बजे घर से आग की लपटें उठने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जूता कारखाने के पास पहुंच गई। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। करीब एक दर्जन ग्रामीणों ताराचंद, पवन, रंजीत, नीरज आदि लोगों ने समरसेबल के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मौके पर थाना मलपुरा पुलिस प्रभारी तेजवीर सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए, जिसके बाद बाद मौके पर दमकल की गाड़ी पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस पूरे हादसे में लाखों रुपए का नुकसान की आशंका व्यक्त की जा रही है।
गनीमत रही थी कारखाने में कार्य कर रहे करीब आधा दर्जन कारीगर सकुशल बच गए। फैक्ट्री में अंदर एक कंप्रेसर भी था जोकि फटने से बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं सुनील नाम का एक कारीगर मामूली झुलस गया है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।