आगरा के रामबाग चौराहे पर सोमवार की सुबह एक एंबुलेंस में आग लग गई। चालक और एंबुलेंस में बैठे दो लोग बाहर आ गए। इसी बीच पीआरवी सिपाही पहुंचा और उसने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
विज्ञापन
घटना सुबह सात बजे की है। खंदौली के नंदलालपुर स्थित वर्कशॉप से एंबुलेंस को चालक अविनाश लेकर आ रहा था। उसके साथ कर्मचारी अनुराग और संदेश भी थे। उन्हें लेडी लॉयल जाना था। एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। रामबाग चौराहे के पास एंबुलेंस में आगे की तरफ से धुआं निकलने लगा।
यह देखकर चालक ने एंबुलेंस को रोक दिया। कुछ ही देर में बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं। यह देखकर चालक और कर्मचारी दूर भाग गए। सड़क का यातायात भी रुक गया। यूपी 112 की पीआरवी पर तैनात सिपाही राहुल यादव करीब ही खड़े थे, वो भागकर पहुंचे।
विज्ञापन
उन्होंने पुलिस चौकी में लगे सबमर्सिबल पंप को चलाया। इसके बाद पाइप लगाकर खुद आग पर पानी डाला। तत्परता से कुछ ही देर में आग को बुझा पाने में वो सफल हो गए। सिपाही की सतर्कता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।