मोती गंज बाजार में शनिवार सुबह बंद पड़ी दुकान में आग लग गई। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। दो दमकलों ने आधा घंटे में आग बुझाई। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है।
दयालबाग के रहने वाले सुनील सिंघल की मोती गंज में तिरुपति ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। उनके दुकान के पास ही एक और दुकान है, जिसमें पुराना फर्नीचर रखा हुआ है। तकरीबन चार साल से दुकान बंद है। शनिवार सुबह तकरीबन 11:30 बजे लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखा। कुछ ही देर में लपटें निकलने लगीं। लोगों ने सबमर्सिबल पंप से पाइप लगाकर पानी डाला, लेकिन उससे कोई फायदा नहीं हुआ। आग की चपेट में आसपास की दुकानों के आने की आशंका से हड़कंप मच गया। सूचना पर फायरब्रिगेड की दो दमकल पहुंची। शटर तोड़ दिया। आधा घंटे में आग बुझ सकी। बता दें, मोतीगंज घना इलाका है।
पेट्रोल पंप के पास लगी आग से हड़कंप
सिकंदरा चौराहे पर पेट्रोल पंप के ठीक पीछे झाड़ियों में शनिवार को दोपहर में लगी आग से हड़कंप मच गया। श्रीनारायणी देवी गर्ल्स इंटर कालेज से सटे तालाब में ऊंची घास लगी थी, जिसके नजदीक पड़े कूड़े में किसी ने आग लगा दी। धीमे धीमे यह आग फैलती चली गई और चंद मिनटों में ही काले धुएं ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दीं। दो किमी दूर से यह काला धुंआ वाहन चालकों को नजर आया। करीब एक घंटे तक आग और धुंआ जारी रहा। तालाब के पास दुकानदारों और खोखे वालों ने अपना सामान भी निकालना शुरू कर दिया। फायर बिग्रेड ने आकर आग बुझाई।