पुष्पांजलि वर्ल्ड लिंक होटल में कोरोना उपचार किया जा रहा है। यहां 50 हजार लीटर का भूमिगत टैंक नहीं है। टैंक के पास 1620 एलपीएम डीजल और 180 एलपीएम जौकी पंप की जरूरत है। पांच हजार लीटर का टैरेस टैंक नहीं मिला। हौजरील की कमी है। रामरघु हॉस्पिटल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण क्रियाशील हैं लेकिन इमारत में पीछे की तरफ अवरोध है। परिसर में फायर ब्रिगेड घूम नहीं सकती।
एसएन में नेत्र रोग विभाग, सर्जरी, इमरजेंसी में व्यवस्था अधूरी
एसएन के नेत्र रोग विभाग में भी आग से बचाव के पर्याप्त उपकरण नहीं हैं। पांच हजार लीटर का टैरेस टैंक, 450 एलपीएम का टैरेस पंप, हौजरील और डाउनकमर की जरूरत है। इलैक्ट्रिक फायर अलार्म सिस्टम नहीं है। आइसोलेशन सेंटर के कोविड एमसीएच विंग में अग्नि सुरक्षा से बचाव के उपकरण उपलब्ध हैं लेकिन इन्हें चलाने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ नहीं है।
प्रशिक्षित स्टाफ रखने के लिए अग्निशमन विभाग ने दूसरी बार नोटिस जारी किया है। न्यू सर्जरी बिल्डिंग में अग्निकांड से बचाव के लिए उपकरण मौजूद हैं, लेकिन रखरखाव नहीं हो रहा। प्रशिक्षित स्टाफ नियुक्त नहीं है। इमरजेंसी विभाग में मानक के मुताबिक अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं हैं। पांच हजार लीटर टैरेस टैंक, 450 एलपीएम टैरेस पंप, हौजरील, डाउनकमर और इलैक्ट्रिक फायर अलार्म सिस्टम की जरूरत है। यहां भी नोटिस दिया गया है।
स्वास्थ्य केंद्र बरौली अहीर में अलार्म सिस्टम, एक्सटिंग्यूशर, हौजरील व अन्य अग्नि सुरक्षा उपकरण कई वर्षों से खराब पड़े हैं। जिला अस्पताल, मूलचंद मेडिसिटी और हिंदुस्तान कॉलेज में चल रहे आइसोलेशन वार्ड में मानकों के अनुसार इंतजाम मिले।
पूरे करा रहे मानक
एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने कहा कि अस्पतालों में जो कमियां मिली हैं उन्हें पूरा कराया जा रहा है। अग्निशमन विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। एसएन में स्टाफ को प्रशिक्षित कराने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया है।
हो चुके हैं हादसे
छह अगस्त को अहमदाबाद में कोरोना वार्ड में आग लगने पर आठ लोगों की मौत हुई। इसके बाद नौ अगस्त को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में कोरोना उपचार के लिए बने अस्पताल में आग लगने से दस लोगों की जान गई।
बढ़ा रहे जल संग्रहण क्षमता
नयति हेल्थ केयर की निदेशक शिवानी शर्मा ने कहा कि हमारे अस्पताल के भूतल में जल संग्रहण की क्षमता 40 हजार लीटर है, अग्निशमन विभाग ने निरीक्षण कर इसे 60 हजार लीटर करने को कहा है, इस कार्य को शुरू करा दिया गया है।