एटा की जलसेर तहसील के गांव हसनगढ़ में विद्युत तारों की चिंगारी से शुक्रवार को गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे 60 बीघा फसल जल गई। कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों और दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश जताते हुए ग्रामीणों ने जलेसर-निधौली रोड पर जाम भी लगाया।
शुक्रवार को दोपहर बाद तेज हवा चली, इससे खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकराए और चिंगारी निकली। चिंगारी सुरेंद्र के खेत में जा गिरी, देखते ही देखते सुरेंद्र के खेत में खड़ी चार बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। वही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद आग अशोक, कालीचरण, मुकेश, डोरीलाल, प्रेमपाल, गजेंद्र, रामसनेही, संजू, ओमवती, राजकुमारी, सर्वेश कुमार, योगेश, रामबाबू आदि के खेतों में लग गई।
कुल मिलाकर करीब 60 बीघा गेहूं की फसल जल गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने काफी देर में आग पर काबू पाया। उधर गुस्साए किसानों ने जलेसर-निधौली मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था हर साल आग से उनकी फसल जल जाती है।
प्रशासन द्वारा हर बार विद्युत लाइन को टाइट करने का हवाला दिया जाता है। लेकिन स्थिति जस की तस रहती है। जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री और सीओ इरफान नासिर खान ने किसानों को समझाया। करीब आधे घंटे बाद जाम खुल सका।