एक गरीब की झोपड़ी में बेटी की शादी की खुशियां सोमवार को मातम में बदल गईं। सुबह-सुबह उसकी झोपड़ी में लगी आग से लाखों का नुकसान हो गया। हादसे में शादी का सामान, जेवरात, कपड़े और नगदी समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
आग ने परिवारीजनों की झोपड़ी भी स्वाहा कर दी। पीड़ित परिवार दिन भर राख में बचा-कुचा सामान बटोरते रहा। मां-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने मदद के लिए जिला प्रशासन व संस्थाओं से गुहार लगाई है।
परिक्रमा मार्ग शमशान घाट क्षेत्र यमुना खादर में रह रही शारदा पत्नी देवी सिंह के पांच बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी पूजा है। उसकी जून में शादी होनी है। अभी 15 दिन पहले ही पूजा की सगाई हुई थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। लेकिन सुबह अचानक उसकी झोपड़ी में आग लग गई। इससे गृहस्थी समेत झोपड़ी में शादी के लिए रखे करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती वस्त्र, सामान और 70 हजार रुपये जलकर राख हो गए।
वहीं आग से बगल में बनी शारदा के भांजे धर्मेंद्र की झोपड़ी में रखा 1.50 लाख रुपये का सामान और 40 हजार की नगदी भी जल गई। हालांकि फायरब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही क्षेत्रवासियों ने आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक झोपड़ी राख हो गई।