फिरोजाबाद के टूंडला में सोमवार की रात सुभाष चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग में खड़े तीन वाहनों में आग लग गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। वाहन मालिकों ने एक युवक पर आरोप लगाया है।
भसई के बच्चू सिंह, शिवपुरी के राजीव कुमार गुप्ता और नई बस्ती निवासी ओमीशंकर की टाटा मैजिक गाड़ी ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग में खड़ी थीं। सोमवार रात को अचानक तीनों वाहनों में आग लग गई।
वाहनों में आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी से आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक तीनों गाड़ी बुरी तरह जल गई थीं।
बच्चू सिंह ने पड़ोसी गांव के एक युवक पर गाड़ियों को जलाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।