रफ़रोजाबाद ! सूर्य नगर में दोना पत्तल के गोदाम में आग लगने की घटना के बाद जला पड़ा सामान
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सूर्यनगर में स्थित दोना-पत्तल के गोदाम में बृहस्पतिवार रात आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। घटना की जानकारी पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इधर, सुहागनगर स्थित कबाड़ा गोदाम और जलेसर रोड पर गत्ता में फैक्ट्री में भी आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। इधर, फायर ब्रिगेड परिसर में नलकूप खराब होने के कारण फायर ब्रिगेेड कर्मचारियों को पानी के लिए भटकना पड़ा।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा पठानान निवासी अजय कुमार जैन का सूर्य नगर प्रकाश टाकीज के समीप दोना, पत्तल और झाड़ू का गोदाम है। बृहस्पतिवार रात तकरीबन 12 बजे आतिशबाजी से फूटी चिंगारियों के कारण गोदाम में रखे सामान ने आग पकड़ ली। गोदाम से आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारी और अधिकारी दमकल के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब दो घंटे की अथक मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
गोदाम स्वामी अजय कुमार ने बताया कि आग से करीब पौने तीन लाख रुपये के नुकसान हुआ है। वहीं सुहागनगर स्थित श्यामवीर के कबाड़ा गोदाम में भी आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। इधर, हनुमान गढ़ निवासी सौरभ की जलेसर रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के गोदाम में भी बृहस्पतिवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। पीड़ित सौरभ के मुताबिक गत्ता फैक्ट्री में आग के कारण कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
--
--फायर स्टेशन में लगा नलकूप पिछले 15 दिन से खराब है। इसे ठीक कराने के लिए कई बार पत्राचार किया गया। हालांकि अभी तक नलकूप ठीक नहीं हो सका है। नलकूप खराब होने के कारण आग बुझाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
दुर्गेश कुमार फायर स्टेशन प्रभारी रहना