ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी मंदिर के पास सोमवार तड़के एक पोशाक के शोरूम में आग लग गई। हवा चलने के कारण आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। लोग घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लाखों का माल जलकर राख हो गया। संभावना जताई जा रही है कि इन्वर्टर की बैटरी फटने से शोरूम में आग लगी है। लोगों को डर इस बात का था कि अगर आग ज्यादा फैल जाती तो ठाकुरजी के मंदिर को भी चपेट में ले लेती।
बांकेबिहारी मंदिर के पास पोशाक के शोरूम में लगी आग इतनी भयंकर थी कि दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी कम पड़ गईं। आग जहां लगी उस जगह तक पहुंचने में गाड़ियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
तीन मंजिला शोरूम में लगी आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तीन मंजिला इमारत में जगह-जगह दरारें पड़ गईं। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बाजार में बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास की दुकानों को भी इस आग से खतरा हो गया।
बांकेबिहारी मंदिर के समीप पोशाक शोरूम में लगी आग को बुझाने पहुंचे दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। आग को बुझाने के लिए दुकान का शटर और दीवार तोड़कर उसमें अंदर रास्ता बनाया गया। दुकान में शृंगार का सामान भरा होने के कारण काबू पाने में दिक्कत आई। अग्निशमन अधिकारी संजय जायसवा ने बताया कि शोरूम में आग लगने की सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों एवं पानी के टैंकरों के माध्यम से करीब 4 घंटे में आग पर काबू पाया गया है।