आगरा। ताजमहल के पश्चिमी गेट पर उद्यान विभाग के पार्क में मंगलवार को अचानक आग लग गई। ताज सुरक्षा पुलिस और दमकल विभाग ने 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया। इससे कोई हताहत नहीं हुआ और बड़ा हादसा होने से टल गया।
शाम करीब 6:30 बजे पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने ताज सुरक्षा प्रभारी को सूचना दी कि बसई घाट जाने वाले रास्ते पर स्थित पार्क से आग की लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही कार्यवाहक थाना प्रभारी (ताज सुरक्षा) शिवराज सिंह टीम के साथ पहुंचे। पार्क में पेड़ों के सूखे पत्तों के ढेर के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। एसीपी ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय के निर्देश पर तत्काल फायर टेंडर बुलाए गए। मौके पर थाना ताजगंज प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही, चौकी प्रभारी विकास कुमार, उपनिरीक्षक मिथुन सिंह और मेहरबान सिंह सहित सीआईएसएफ के जवान भी पहुंच गए। दमकल विभाग ने 10 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मौसम विभाग के संवेदनशील संयंत्र स्थापित हैं। यहां आग पहुंचने पर काफी नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।