कानपुर रेलखंड पर कोयला से लोड दिल्ली जा रही मालगाड़ी की एक बोगी में आग लगने से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कोयले में लगी आग से बोगी में भरे हुए कोयले से धुंआ उठने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
शनिवार देर रात कानपुर से चलकर दिल्ली जा रही कोयले से लोड एमटीएसएस मालगाड़ी जब देर रात 11.45 बजे इटावा रेलखंड के साम्हो रेलवे स्टेशन के निकट पहुंची, तभी अचानक मालगाड़ी की इंजन से 35वीं बोगी में भरे कोयले से धुंआ उठने लगा।
ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मी ने घटना की जानकारी डिप्टी एसएस को दी। सूचना मिलने पर इकदिल रेलवे स्टेशन पर रात 12.30 बजे ट्रेन को रोक दिया गया और पावर ब्लॉक लिया गया। रेल अधिकारियों के निर्देश पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
वहीं चालक अपनी ड्यूटी का समय पूरा होने पर रेल अधिकारियों को मैसेज देकर गाड़ी से उतर गया। जिसके चलते मालगाड़ी लगभग चार घंटे से अधिक समय तक मौके पर ही खड़ी रही। रेल अधिकारियों ने दूसरे चालक को बुलाकर ट्रेन को तीन बजे रवाना किया।