आगरा के न्यू आगरा कॉलोनी रोड पर बंद क्लीनिक के बाहर लगे एसी के आउटडोर में शुक्रवार शाम शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें तेज होने पर निकट स्थित लाइब्रेरी में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं ने चीखपुकार मचाई तो लोगों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। फायरब्रिगेड की टीम ने चंद मिनटों में पहुंच कर आग पर काबू पा लिया।
फायर स्टेशन ऑफिसर संजय प्लेस सोमदत्त सोनकर ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम 6:20 के करीब की है। यशवंत हास्पिटल के बाहर बंद क्लीनिक के एसी के आउटडोर से शॉर्ट सर्किट के चलते चिंगारी निकलने लगीं। कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। आग से नीचे लगे अन्य बिजली के मीटर भी चपेट में आ गए।
क्लीनिक के पास डिजिटल लाइब्रेरी संचालित है। लोगों ने समय रहते वहां पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फायर ब्रिगेड की टीम 5 मिनट के अंदर पहुंच गई थी। 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया था। आग केवल बाहर की तरफ थी। किसी दुकान के अंदर के हिस्से में पहुंचने से पहले ही काबू पा लिया गया था।