फिरोजाबाद में पुलिस लाइंस स्थित एसएसपी सचिंद्र पटेल के आवास में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर तुरंत थाना मटसेना प्रभारी और चौकी से फोर्स पहुंचा। दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई। इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना बृहस्पतिवार रात तकरीबन सवा 10 बजे की है। एसएसपी सचिंद्र पटेल आवास से बाहर थे। कमरा बंद था। रात करीब 10:15 बजे कमरे के अंदर से धुआं उठता देख आवास पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एसएसपी और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया, लेकिन तब तक कमरे के अंदर का सामान आग में जलकर पूरी तरह राख हो गया। एफएसओ लाखन सिंह ने कहा कि एसएसपी आवास के एक कमरे में आग लगी थी। आग को बुझ लिया गया। वहीं घटना की जानकारी होने पर अन्य अधिकारी भी एसएसपी आवास पहुंच गए।