आगरा। थाना शाहगंज के बारहखंभा क्षेत्र में 19 जून को फंदे पर लटक कर खुदकुशी करने के मामले में पत्नी और साले पर आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवक ने इंस्टाग्राम स्टेटस पर पोस्ट कर पत्नी और ससुराल वालों पर रुपये मांग कर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
शाहगंज के सेवा का नगला निवासी रोहित ने बताया कि उनके भाई 27 वर्षीय गौरव जूता कारीगर थे। 4 माह पूर्व दहतोेरा निवासी अंजू से कोर्ट मैरिज की थी। अंजू पहले पति को छोड़ चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। अंजू के भाई राजा पर पत्नी की मौत का मामला दर्ज है। उसमें समझौता कराने के लिए 5 लाख रुपयों की जरूरत थी। शादी के बाद से पत्नी और ससुरालीजन भाई से 5 लाख रुपयों की मांग कर रहे थे। एक माह पूर्व गौरव ने ससुराल के पास किराए का कमरा लिया था। 15 दिन पहले पत्नी अंजू ने गौरव को कमरे से निकाल दिया था। 19 जून की रात परिवार के लोग दावत में गए थे। गौरव ने कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी से पहले एक वीडियो बनाकर और इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखकर अपनी मौत के लिए अंजू और राजा को जिम्मेदार बताया था। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।