मैनपुरी। बिजली बकाएदारों के खिलाफ बृहस्पतिवार को चलाए गए सामूहिक चेकिंग अभियान में बिजली चोरी मिलने पर 21 लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। 19 टीमों ने 423 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। बकाया बिल के 13 लाख रुपये भी उपभोक्ताओं से वसूले हैं।
बकाए पर कनेक्शन काटने और बकाया बिल वसूलने के लिए अधिशासी अभियंता मानेंद्र सिंह, जीएसएल भटनागर, आशीष गुप्ता की देखरेख में बनाई गई टीमों के साथ विच्छेदन टीमों केे सदस्य भी मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया तीन हजार से अधिक के बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बिल जमा नहीं करने वालों के खिलाफ बिजली चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने पर काटे गए कनेक्शन को जोड़कर कटिया डालकर बिजली चोरी करने वाले पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कुसमरा निवासी हरिशंकर के मकान का बिजली का बिल बकाया होने पर जेई ज्ञानेंद्र पुष्कर ने जनवरी 2018 में कनेक्शन काट दिया। उसने काटा गया कनेक्शन जोड़कर कटिया डालकर बिजली चोरी शुरू कर दी। दोबारा चेकिंग में बिजली चोरी मिलने पर जेई ने थाना किशनी में रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में भेज दी। मुकदमे की सुनवाई स्पेशल जज विद्युत की कोर्ट में हुई। गवाही के आधार पर युवक को बिजली चोरी करने का दोषी पाया। स्पेशल जज विद्युत ने उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना जमा करने पर अदालत से छोड़ दिया गया।