20एमएनपी-38-मृतक छात्र हरि मिश्रा का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
कुसमरा (मैनपुरी)। थाना किशनी क्षेत्र में महाकवि देव इंटर कॉलेज के पास इंटर की परीक्षा देकर लौट रहे दो छात्रों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे के बाद आनन फानन मेें घायलों को अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में एक छात्र ने दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया।
थाना किशनी के कुसमरा निवासी 16 वर्षीय हनी पुत्र बबलू मिश्रा कस्बा के महाकवि देवी इंटर कालेज में 12वीं का छात्र था। वहीं दोस्त प्रयांक पुत्र प्रमोद दुबे भी उसके साथ ही पढ़ रहा था। 18 फरवरी से परीक्षाएं शुरू हो चुकीं हैं। दोनों दोस्त बृहस्पतिवार को बाइक से गांव दूबर स्थित परीक्षा केंद्र माया मोहन इंटर कॉलेज गए थे। करीब सवा पांच बजे परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे बाइक जब महाकवि देव इंटर कॉलेज के पास पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रही एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने छात्रों को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हनी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने प्रयांक को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच हुआ है।
चार भाई बहनों में था सबसे छोटा
सड़क हादसे में जान गवाने वाला 16 वर्षीय हनी चार भाई बहनों में सबसे छोटा था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी, वहीं करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बड़े भाई की एक हादसे में मौत हो चुकी थी। मृतक से बड़ा भाई प्राइवेट नौकरी करता है, बहन की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद मृतक परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।