फेसबुक पोस्ट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में आरोपी के खिलाफ मथुरा के थाना गोवर्धन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस संबंध में कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष सुनील उपाध्याय गांधी ने गोवर्धन थाना और कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने थाना सदर बाजार में तहरीर दी थी। दोनों नेताओं ने अब आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
आरोपी युवक का नाम दीपक तिवारी है। उसने एक फेसबुक यूजर की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बारे में अभद्र शब्दों का प्रयोग किया था। इस संबंध में कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील उपाध्याय गांधी ने थाना गोवर्धन में तहरीर दी थी। उनकी तहरीर पर रविवार को थाना गोवर्धन में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। रिपोर्ट दर्ज के बाद कांग्रेसियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
सेवादल जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होनी चाहिए। उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा की तहरीर पर अभी थाना सदर में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि तीन दिन में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी जल्द ही आंदोलन करेगी। थाना गोवर्धन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही है।