लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस सख्ती से निपट रही हैं। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गांव कैथपुर में नेजा चढ़ाए जाने के दौरान भीड़ जमा होने पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य लोग वहां से भाग गए। इस मामले में 15 नामजद व 25 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
किशनी थाना क्षेत्र के गांव कैथपुर में बृहस्पतिवार को रामनवमी के पर्व पर गांव के ब्रह्मदेव मंदिर में कई ग्रामीण एकत्रित हुए। वो लोग नेजा चढ़ा रहे थे। तभी वहां बड़ी संख्या में श्रद्वालुओं की भीड़ जमा हो गई। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना पर एसएसआई जैकब फर्नांडीज पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस को देख कई ग्रामीण वहां से भाग गए। पुलिस ने मौके से निर्मल पुत्र नाथूराम, रतन सिंह पुत्र मंशाराम, नरेश पुत्र रघुवर दयाल, विद्यासागर पुत्र छविनाथ, हरिनाथ पुत्र गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस ने पकड़े गए लोगों के अलावा रामसनेही व मेवाराम पुत्र शीतला प्रसाद, अनार सिंह पुत्र भीमसेन, देशराज पुत्र पुत्तूलाल, रामसनेही पुत्र सुखवासी लाल, गीतम पुत्र रामसनेही, सुरेंद्र सिंह व नेम सिंह पुत्र रामदयाल, नेत्रपाल पुत्र मलिखान, सुघर सिंह उर्फ विश्वनाथ पुत्र गंगाराम व 25 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।