आगरा। कमला नगर मुख्य बाजार में फुटपाथ तोड़ने और घेरने वालों पर नगर निगम ने शनिवार को कार्रवाई की। अतिक्रमण, गंदगी और तोड़ने पर दुकानदारों से 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि एक दर्जन से अधिक ठेल, ढकेल और अवैध काउंटर जब्त किए गए।
कमला नगर मुख्य मार्केट के निकट अपने मकान में निर्माण कार्य करा रहे हरीश गुप्ता और हरीश लालवानी ने फुटपाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दाऊजी मिष्ठान्न भंडार के संचालक द्वारा फुटपाथ पर बैरिकेडिंग कर मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने पर 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि वी स्मार्ट मॉल के संचालक पर गमले और पिलर रखकर रास्ता घेरने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया गया। सड़क और फुटपाथ पर कब्जा किए हुए एक दर्जन से अधिक ठेले, ढकेल और काउंटर जब्त कर लिए गए। कई दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन बुलडोजर रुका नहीं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि फुटपाथ पर किए गए कब्जे हटाने का अभियान जारी रहेगा।