खंदौली। शनिवार की सुबह क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद के समझौते के लिए सोमवार को गढ़ी रायसिंह में बुलाई गई पंचायत में कहासुनी के दौरान हंगामा और मारपीट हो गई। इस दौरान सरिया के हमले में एक युवक का सिर फूट गया। घटना से दोनों पक्ष में तनाव बना हुआ है। दोनों तरफ से थाने में तहरीर भी दी गई है।
पुलिस के मुताबिक यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के समीप शनिवार की सुबह रामनगर के सुनील और पर्वतपुर के अजित सिंह पक्ष के बीच क्रिकेट मैच खेलने के दौरान विवाद और मारपीट हो गई थी। सोमवार को समझौता के लिए गांव गढ़ी रायसिंह (रामनगर) में स्थित मैरिज होम में पंचायत बुलाई गई थी। जहां रामनगर के सुनील के माफी मांगने के दौरान फिर दोनों तरफ के लोगों में कहासुनी और मारपीट हो गई। सरिया लगने से सुनील घायल हो गया। इससे पंचायत में अफरातफरी मच गई।
गांव के लोग घायल सुनील को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष खंदौली अवधेश कुमार गौतम ने बताया कि समझौते के लिए लोग जुटे थे। वहीं मारपीट हुई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।