आतिशबाजी चलाने पर मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। मोहल्ला ऊपरटीला में आतिशबाजी चलाने पर दो पक्षों के लोगों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद मुकदमे दर्ज किए हैं।
दिनेश चंद्र ने बताया कि रविवार की शाम भतीजी की बीमार पुत्री को उपचार के लिए ले जा रहे थे। मोहल्ला स्थित चौक के पास विशाल, विक्रम, अंकित, रोहित आतिशबाजी चला रहे थे। जब उनसे आतिशबाजी चलाने से मना किया तो गाली गलौज करने लगे। उन्हें पीटना शुरू कर दिया। बचाने आए भतीजे दिनेश और बबलू को भी पीटा गया।
दूसरे पक्ष से शारदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई। बताया कि रविवार की शाम को पुत्र के साथ दरवाजे पर बैठी थीं। तभी पड़ोसी दीपू अपने दरवाजे पर आतिशबाजी चला रहा था। मोहल्ले के बबलू, रामचंद्र, दिनेश, सावन कुमार वहां आए और आतिशबाजी चलाने के लिए मना करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो हाथापाई करने लगे। बचाने आई भतीजी की भी पिटाई की गई। जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।