कासगंज। जिला में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। भरगैन में एक मासूम बालिका की बुखार के चलते मौत हो गई। जिला में बुखार से 22 दिन में यह पांचवी मौत है।
भरगैन के मोहल्ला रोशन महल निवासी इजमा (ढाई साल) पुत्री इमरान को तीन दिन पहले बुखार आया। परिजनों ने कस्बे में ही चिकित्सक को दिखाया, लेकिन कोई फायदा नहीं मिला। परिजन उसे बुधवार को फरुखाबाद लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जिला में इस समय बुखार का प्रकोप बना हुआ है। सर्दी, जुकाम, खांसी से भी लोग पीड़ित हो रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर भी बड़ी संख्या में बुखार पीड़ित लोग पहुंच रहे हैं। निजी चिकित्सकों के यहां भी मरीजों की भीड़ लगी है। मौत के आंकड़े बढ़ने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा समुचित कदम नहीं उठाए जा रहे। अभी तक अस्पतालों पर संक्रामक वार्ड तक नहीं बनाया गया है। बुखार से पीड़ित मरीजों को दवा देकर वापस भेज दिया जाता है।
भरगैन में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा जाएगा ताकि आसपास के घरों में रहने वाले लोगों की जांच कराई जा सके। सभी स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षकों को बुखार पीड़ितों की मलेरिया जांच के लिए निर्देशित कर दिया गया है।- डा. अनिल कुमार, सीएमओ
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की जांच
कासगंज। भरगैन में मासूम की मौत की सूचना के बाद पटियाली स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों की एक टीम पहुंची। टीम ने बालिका के परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके अलावा बस्ती के अन्य परिवारों से भी बुखार आदि के बारे में जानकारी की, लेकिन अन्य कोई व्यक्ति बुखार से पीड़ित नहीं मिला। टीम ने बस्ती में ान कराया। टीम में डॉ. विनोद कुमार, आकाश आदि शामिल रहे। संवाद