मैन्पुरी। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के मोहल्ला गोलाबाजार में ननिहाल आए एक दो वर्षीय बालक की बुखार से मौत हो गई। 28 मरीजों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। तीन मरीज हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किए गए। जिले पिछले एक सप्ताह में बुखार से चार मरीजों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। जिला अस्पताल की ओपीडी में 1170 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में सबसे अधिक मरीजों की भीड़ रही। डॉक्टरों की सलाह पर 28 मरीजों को भर्ती कराया गया। इटावा निवासी मोहम्मद आमिर का पुत्र जोहान खान (2) को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। वह मैनपुरी में गोलाबाजार में अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।