इरादतनगर(आगरा)। क्षेत्र के गांव पुसेंता के मजरा दारापुरा के मंदिर में पूजा करने गई श्रद्धालु महिला की घंटे में आए करंट आने से मौत हो गई। हादसा मंदिर के गुंबद पर लगे त्रिशूल के हाईटेंशन लाइन से छू जाने की वजह से हुआ। महिला के काफी देर तक घर न पहुंचने पर बेटी मंदिर में देखने पहुंची तो वह मां पड़ी मिली। चीख-पुकार पर पहुंचे परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना इरादतनगर क्षेत्र के गांव दारापुरा निवासी नीरज बाबू की पत्नी पुष्पा (49) सोमवार सुबह करीब 6 बजे घर के पास स्थित भोलेनाथ के मंदिर में पूजा करने गईं थीं। परिजन के मुताबिक मंदिर के ऊपर से एचटी विद्युत लाइन गुजरी है। मंदिर के गुंबद पर त्रिशूल लगा था। आधी में यह त्रिशूल हाईटेंशन लाइन के तार से छू गया था। इससे लोहे की सरिया में जंजीर से बंधे घंटे में भी करंट आ गया।
वहीं पूजा के बाद जैसे ही पुष्पा ने घंटा बजाया। वह करंट की चपेट में आ गईं। झुलसकर गिरने से पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई। मगर किसी को पता नहीं चल सका। इधर, काफी देर तक उनके घर न पहुंचने पर बेटी वर्षा मां को देखते हुए मंदिर पहुंची। मंदिर में मां को अचेत पड़ा देखा। इस पर उसने शोर मचाया। इससे आसपास के लोग जुट गए। परिजन पुष्पा को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे जहां डाॅक्टरों ने चेकअप करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के लिए ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। वहीं सूचना इरादतनगर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है।