कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र के एक गांव में पिता शादी की तैयारी करते रह गए, लेकिन बेटी प्रेमी के संग चली गई। वह पिता द्वारा उसकी शादी के लिए बनवाए गए जेवर और जमा की गई दो लाख रुपये की नकदी भी साथ ले गई। युवती की मां ने इस संबंध में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सर्विलांस की मदद से युवती की तलाश में जुटी है।
ये है मामला
क्षेत्र के युवती का गांव के ही युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी परिजन को हो गई। युवक के साथ प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर युवक का घर आना जाना भी बंद कर दिया गया। लेकिन फिर भी युवक-युवती चोरी छिपे फोन पर बात करते रहते। उसके पिता ने युवती की शादी की तैयारी शुरू कर दी। उसके लिए वर की तलाश करने के साथ ही जेवर आदि भी बनवाने शुरू कर दिए, जिससे जल्द से जल्द उसके हाथ पीले किए जा सकें। जिसकी भनक जब युवती को हुई तो वह 18 नवंबर की देर रात अचानक घर से गायब हो गई। जबकि दरवाजे के ताले लगे थे।
ये भी पढ़ें - Mainpuri: नेताजी के नाम से सेंध की कोशिश, सीएम योगी की इस चाल से बढ़ सकती हैं अखिलेश की मुश्किलें
नहीं मिली युवती
परिवारीजन ने जब छत पर जाकर युवती की तलाश की। छत पर सड़क की ओर लटकी साड़ी को देखकर उन्हें पता चला कि युवती इसी के सहारे घर से चली गई है। वह साथ जेवर और दो लाख रुपये की नकदी भी ले गई। पिता ने प्रेमी युवक के घर पर पूछताछ और रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही तो युवक के परिवारीजन ने कुछ घंटों का समय मांगा और युवती को वापस बुलाने की बात कही। बाद में वह भी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
दर्ज कराई रिपोर्ट
युवती की मां ने प्रेमी, उसके पिता, मां और मामा के खिलाफ गंजडुंडवारा थाने में रविवार को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौड़ ने बताया कि सर्विलांस की मदद से युवती की तलाश की जा रही है। जल्द ही युवती को बरामद कर न्यायालय के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।