मथुरा के मांट क्षेत्र में रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार की सुबह गांव घूरे में एक व्यक्ति ने अपने 25 साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी पिता फरार हो गया है। पुलिस घटना के पीछे घरेलू कलह मान रही है। लोगों का कहना है कि 20 साल पहले भी उसने बेटे को मारने की कोशिश की थी।
गांव घूरे निवासी निर्मल (25) पुत्र सुरेश चंद शनिवार सुबह खेत से लौटकर घर के बाहर चबूतरे पर पहुंचा ही था कि सामने से आए पिता सुरेश चंद ने उसके सीने से तमंचा सटाकर गोली मार दी।
आरोपी पिता फरार
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े। इसी बीच आरोपी पिता फरार हो गया। पुलिस को आरोपी के कमरे से चार कारतूस मिले हैं।
मृतक के ससुर फिरोजाबाद के गांव नारकी निवासी भरत सिंह ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि गृहक्लेश के चलते बेटे की हत्या की गई है।
निर्मल का विवाह करीब छह माह पहले हुआ था। रक्षाबंधन के लिए बेटी सर्वेश को लेने उसके पिता भरत सिंह गांव घूरे आए हुए थे। बताया जाता है कि रात में पिता और पुत्र में झगड़ा हुआ था। पिता सुरेश चंद ने समधी भरत सिंह को बेटी को विधवा करने की धमकी दी थी।
निर्मल की आंखें देख सकेंगी दुनिया
निर्मल तो इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उसकी आंखें जरूर इस दुनिया को देखेंगी। निर्मल के भाई अनिल कुमार और उसके रिश्तेदार सुरेश चंद ने पोस्टमार्टम हाउस पर आंखें दान करने का एलान किया।
पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों की टीम ने पहुंचकर निर्मल की आंखें सुरक्षित निकालीं। शुरुआत में परिजन इस पर राजी नहीं थे, लेकिन रिश्तेदारों ने पुण्य का हवाल देकर आंखों का दान कराया।