अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से फतेहपुर सीकरी के ग्राम चुरियारी के टैंकर चालक नरेंद्र सिंह (35) की भी इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। रविवार को उसका शव घर पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शराब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम चुरियारी के रहने वाले पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख भूदेव सिंह ने बताया कि नरेंद्र सिंह मथुरा में गैस का टैंकर चलाता था। दो दिन पहले वह गैस का टैंकर लेकर अलीगढ़ गया था। टैंकर खाली करने के बाद उसने वहीं के एक ठेके से शराब खरीदकर पी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान नरेंद्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। बताया कि नरेंद्र के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। गांववालों ने पीड़ित परिवार को सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
पोस्टमार्टम हाउस के प्रभारी पर गिरी गाज
वहीं, मृतकों के परिवार वालों से बदसलूकी करने के आरोप में पोस्टमार्टम हाउस के प्रभारी रविकांत दीक्षित पर गाज गिर गई है। रविवार को सांसद सतीश गौतम पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। उन्होंने यहां मीडिया को बयान दिया कि रविकांत दीक्षित की परिजनों के साथ बदतमीजी करने की शिकायत मिली थी। इस मामले में डीएम व सीएमओ को शिकायत की गई उन्होंने तत्काल प्रभाव से इसे हटाने के निर्देश दिए हैं।