कासगंज: हत्या के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज जनपद के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव चाकरपुर में खेत पर रखवाली कर रहे युवक की चाचा ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जमीनी रंजिश के तहत होना बताई जा रही है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले में पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना रविवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे की है। गांव चाकरपुर निवासी दिनेश (40) पुत्र लज्जा राम तरबूज के पालेज की रखवाली कर रहा था। सुबह गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग खेत की ओर पहुंचे तो देखा कि दिनेश के सिर में गोली लगी थी और उसका लहुलूहान शव पड़ा हुआ था। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। क्षेत्राधिकारी दीपकुमार पंत, थाना प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की।
पुलिस ने शव को पेस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर पुलिस अधीक्षक मनोज सोनकर रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत की। मृतक के भाई भूरे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके परिवार के ही सुगड़ सिंह, किशनपाल, कुंवरपाल, गुड्डू और दुर्गेश ने रंजिशन गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने तहकीकात में प्रथमदृष्टया पाया है कि जमीनी रंजिश का मामला था और चाचा सुगड़ सिंह ने अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर गोली मारकर भतीजे की हत्या कर दी। इधर पुलिस ने आरोपी चाचा सुगड़ सिंह की गिरफ्तारी कर ली है।