फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: सत्संगियों ने हमारा तो सब कुछ लूट लिया..., रो पड़े जगन, सांसद बोले-एक इंच जमीन नहीं जाने दूंगा

Mon, 11 Sep 2023 10:02 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला, आगरा

सार

राधास्वामी सत्संग सभा ने पोइया घाट के बाद खासपुर में चारागाह पर तारबंदी कर गेट बना लिए हैं। इससे आधा दर्जन गांवों में आक्रोश है। इन ग्रामीणों की व्यथा सुनने के लिए फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर पहुंचे। 
 
विज्ञापन
बुजुर्ग जगन के कंधे पर हाथ रख उसे ढांढस बंधाते सांसद राजकुमार चाहर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सांसद जी, सत्संगियों ने हमारा तो सब कुछ लूट लिया। झोपड़ियां तोड़ डालीं। गेहूं, भूसा, उपले उठा ले गए। अनुपम उपवन की आड़ में सरकारी जमीनें घेर रहे हैं। मारपीट करते हैं। चकमार्गों से निकलना बंद करा दिया है। ये कहते हुए जगन सिंह रो पड़े। सांसद ने उन्हें गले लगा ढांढस बंधाया, कहा कि एक इंच जमीन कब्जा नहीं होने दूंगा।

विज्ञापन


फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर रविवार को खासपुर गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि राधास्वामी सत्संग सभा ने पोइया घाट के बाद खासपुर में चारागाह पर तारबंदी कर गेट बना लिए हैं। इससे आधा दर्जन गांवों में आक्रोश है। नगला तल्फी, सिकंदरपुर, लाल गढ़ी, मनोहरपुर, नगला पदी, नगला हवेली आदि ग्रामीणों ने सांसद संग पंचायत की।

प्रधान भरत सिंह ने कहा कि जिस भूमि पर ग्रामीणों को पट्टे मिले थे, उनमें राजस्व टीम ने छेड़छाड़ की। पट्टे की भूमि को सत्संग सभा ने पशुचर में नामांतरण करा लिया। डूब क्षेत्र में 150 बीघा भूमि घेर ली है। सरकारी भूमि ग्रामीण व किसानों को नहीं मिल सकती तो सत्संगी को कैसे मिल गई। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट घेरने का एलान किया। सांसद ने ग्रामीणों को समझाया, कहा कि वह प्रशासन से बात करेंगे। एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं होने देंगे।

पुलिस आयुक्त से बोले, क्यों नहीं करते कार्रवाई
ग्रामीणों ने सांसद को करीब 10 दिन पुराना वीडियो दिखाया। जिसमें एक बुजुर्ग महिला के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि महिला को लहूलुहान करने वाले सत्संगी हैं। सांसद ने वीडियो पुलिस आयुक्त को भेजा और कॉल किया। पूछा, आपराधिक मामलों में पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं करती। केस दर्ज क्यों नहीं होता।
 

एसडीएम से बोले, दयालबाग जिले से बाहर है क्या
ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि पुलिस व प्रशासन सभी जगह अतिक्रमण हटाता है, लेकिन दयालबाग में नहीं हटाते। सांसद ने एसडीएम को फोन किया। कहा, दयालबाग क्या जिले से बाहर है। यहां क्यों नहीं कार्रवाई हो रही। नियम सबके लिए अलग-अलग नहीं होते।

अनुपम उपवन की आड़ में घेर रहे डूब क्षेत्र
पूर्व प्रधान उदयवीर सिंह ने सांसद से कहा, राधास्वामी सत्संग सभा और दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट दोनों डूब क्षेत्र में कृषि अनुसंधान का बोर्ड लगाकर अनुपम उपवन बनाने की आड़ में सरकारी भूमि घेर रहे हैं। जल्द शासन व प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो बवाल हो सकता है।

जनता के लिए जेल जाने को तैयार- भूरी सिंह
पूर्व जिला पंचायत सदस्य भूरी सिंह ने कहा जनता के हित में वह जेल जाने को तैयार हैं। 12 साल झूठे मुकदमे में जेल में रहा। मुझे जेल से डर नहीं लगता। ग्रामीणों के हित के लिए संघर्ष करता रहूंगा।
विज्ञापन

गड़बड़ी की जांच कराएंगे
फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि ग्रामीणों की एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं होने दूंगा। राधास्वामी सत्संग सभा धार्मिक संस्था है। उसे इस तरह का कार्य नहीं करना चाहिए। राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी की जांच कराएंगे। जल्द डीएम और ग्रामीणों के साथ मिलकर बैठक करेंगे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें