किसान संगोष्ठी के आयोजन में कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मलपुरा। भारतीय चरागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान झांसी द्वारा बुधवार को किसानों की आय में वृद्धि और आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रसार के उद्देश्य से उन्नत कृषि तकनीकी पर एक किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य लक्ष्य किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली और फसल विविधीकरण से जोड़ना है।
परियोजना के समन्वयक एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दानाराम पलसानिया ने बताया कि यह योजना किसानों को उन्नत खेती एवं पशुपालन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराएगी। प्रक्षेत्र प्रदर्शन और प्रशिक्षण के माध्यम से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने पर जोर दिया जाएगा। प्रधान अन्वेषक डॉ. गौरेंद्र गुप्ता के अनुसार, यह परियोजना बिचपुरी और अछनेरा ब्लॉक के सहारा, बरारा, अंगूठी, मिर्जापुर व अटूस गांवों में संचालित की जाएगी। इससे 200 से अधिक कृषक परिवार लाभान्वित होंगे। इस पहल से क्षेत्र में टिकाऊ कृषि विकास को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
परियोजना के क्रियान्वयन में विशेषज्ञों का सहयोग अहम
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सीताराम कांटवा, वैज्ञानिक डॉ. महेंद्र प्रसाद, अजीत चाहर और प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। परियोजना के क्रियान्वयन में विषय विशेषज्ञों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। इनमें प्रधान वैज्ञानिक सदस्य डॉ. अवनींद्र कुमार सिंह, वैज्ञानिक डॉ. समीर बर्मन, डॉ. पूजा तंबोली, यंग प्रोफेशनल डॉ. महेश कुमार सिंह एवं प्रक्षेत्र सहायक वीरेंद्र शामिल हैं।