निर्यात बढ़ाने और फसल गुणवत्ता सुधारने की आधुनिक तकनीक की दी जानकारी
बिचपुरी (आगरा) क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान में उद्यान विभाग की ओर से बुधवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। शुभांरभ किसान नेता मोहन सिंह चाहर, उप निदेशक उद्यान मुकेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह और संस्थान के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने किया। प्रशिक्षण में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के किसानों ने भाग लिया।
उप निदेशक उद्यान मुकेश कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जल संरक्षण और निर्यात से संबंधित जानकारी देकर उनकी उत्पादन क्षमता, आय और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने किसानों को फसल में अत्यधिक खाद और कीटनाशक का प्रयोग न करने की सलाह दी। जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने प्रशिक्षण में आलू, सब्जियां और मशरूम उत्पादन बढ़ाने की तकनीक पर विशेष ध्यान देने की जानकारी दी। बताया कि ड्रिप मोर क्रॉप सिंचाई से 25 प्रतिशत अधिक उपज , 25 प्रतिशत लागत में कमी और 50 प्रतिशत पानी की बचत संभव है। इसके अलावा लघु उद्योग स्थापित करने पर विभाग मशीनरी के लिए 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपए तक का अनुदान भी देता है। किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने कहा कि सरकार ने निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड की स्थापना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए की है। इस मौके पर डॉ. अंशुल शर्मा, डॉ. डेजी, बलवीर सिंह, मुख्तार सिंह, डॉ. संदीप सिंह, शिवम प्रताप, डॉ. अंशुल कुमार, लद्दाख से रिचीन कुमारी आदि रहे। संवाद