अकोला सोसायटी पर खाद के लिए भटकते परेशान किसान।
अकोला। क्षेत्रीय सहकारी समिति अकोला पर डीएपी तथा यूरिया को लेकर किसान रोजाना चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सोसायटी ज्यादातर बंद रहती है। जिससे खाद को लेकर किसान बेहद परेशान हो रहे। किसान रामवीर सिंह चाहर ने बताया कभी-कभी तो समिति का ताला भी नहीं खुलता है। किसान खाद के लिए मारे मारे फिर रहे हैं। समिति पर आकर देखते हैं तो कोई नहीं मिलता है और किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। किसानों को बाजार से महंगे दामों में खाद लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
वहीं किसान शिवराम सिंह ने बताया कि ज्यादातर समिति बंद रहती है। कभी कभार खुलती भी है तो किसानों को आधार कार्ड और खतौनी की नकल के आधार पर खाद के दो-दो कट्टे दिए जा रहे हैं। समिति के सचिव राहुल सैनी ने बताया कि उनके पास जगनेर सोसाइटी का चार्ज है और अकोला का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। इसलिए समिति पर रोजाना नहीं आ पाते हैं।