फसल की रखवाली करने गए किसान की किसी ने बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह जब किसान का भतीजा पहुंचा, तो किसान को खून से लथपथ देख उसके होश उड़ गए। किसान के तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मथुरा के थाना महावन के गांव पचावर में रात को खेत की रखवाली करने गए किसान की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब देर तक घर नहीं आने पर किसान का भतीजा खेत पर पहुंचा। किसान चारपाई से 25 मीटर दूर जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। ये देख भतीजे के होश उड़ गए। सूचना पर परिजनों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
थाना महावन के गांव पचावर निवासी रसीदा (48) पुत्र हमीदा शनिवार की रात 8 बजे चरी की रखवाली के लिए खेत पर सोने गया था। रविवार की सुबह भतीजा आरिफ खेत पर पहुंचा तो देखा कि खून से लथपथ शव खटिया से 25 मीटर दूर जमीन पर पड़ा हुआ है। सिर से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंची महावन पुलिस ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल ले गई। हालात चिंताजनक होने पर परिजन उसे सिटी हॉस्पिटल ले गए। यहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि सिर में भारी वस्तु से प्रहार करके हत्या की गई है। फिलहाल हत्या का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। पुलिस पूरी तरह से जांच में जुटी हुई है। शक के आधार पार दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा