कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव खड़िया में तीन दिन पूर्व खेत पर फसल की रखवाली कर रहे किसान पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर आरोपी रंजिश माान रहे थे। मामले में घायल के पुत्र ने आठ आरोपियों के खिलाफ कराई प्राथमिक दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्राम खड़िया निवासी ओमप्रकाश अपने खेत पर 6 जून की रात्रि मक्का की रखवाली करने गए थे। रात्रि में करीब 11 बजे गांव के प्रेमपाल, चंद्रपाल, हरी सिंह, रामखिलाड़ी, चंद्रशेखर, हरेंद्र सिंह, गोलू और रिंकू ने उन पर लाठी-डंडों और सरिया से जानलेवा हमला कर दिया। वह गंभीर घायल हो गए। ग्रामीण की चीखपुकार सुनकर उसका पुत्र हरेंद्र उसे बचाने उसकी ओर दौड़ पड़ा । पड़ोसी भट्टा पर मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। हरेंद्र ने बताया कि 10 दिन पूर्व गांव में ग्राम समाज की जमीन पर प्रेमपाल अवैध निर्माण कर रहा था। जिसकी शिकायत उसके द्वारा पुलिस और प्रशासन से की। लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर निर्माण को रुकवा दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसके पिता पर जानलेवा हमला किया। कोतवाली प्रभारी रामवकील ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।