गंजडुंडवारा (कासगंज)। नगला भीकम की गोशाला में लू के शिकार हुए 4 बीमार गोवंशों की शनिवार को मौत हो गई। अब तक कुल 7 गोवंशों की मौत लू के कारण हो चुकी है। 8 गोवंश और बीमार है। जिनका इलाज पशु चिकित्सक कर रहे हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने भी गोशाला पहुंचकर बीमार गोवंशों को देखा।
अत्यधिक तापमान होने से तीन दिन पूर्व लू के कारण तीन गोवंशों की मौत हो गई थी। जबकि कई गोवंश बीमार थे। बीमार गोवंशों का लगातार पशु चिकित्सक इलाज कर रहे हैं। इसके बावजूद 4 अन्य गोवंशों की जान नहीं बच सकी। गर्मी से बचाव करने के लिए दो बढ़े कूलर भी गोशाला में लगाए जा चुके हैं। जिससे गोवंशों को गर्मी से परेशानी न हो, लेकिन 8 अन्य बीमार गोवंशों की हालत में अभी सुधार नहीं हो पा रहा। लगातार उन्हें ड्रिप व इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं और गुड़ का घोल भी पिलाया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि लू के शिकार गोशाला के कमजोर गोवंश हुए हैं। जबकि अन्य गोवंश सही हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी विजयवीर चंद्रयाल ने गोशाला पहुंचकर बीमार गायों को देखा वहीं आवश्यक दिशा-निर्देश भी गोशालाकर्मियों को दिए।