चेक बाउंस होने पर किसान पर दो लाख रुपये का जुर्माना
- स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट के न्यायालय में चला मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। ट्रैक्टर खरीदने के बाद भुगतान के नाम पर दिए गए 1.42 लाख रुपये का एक चेक बाउंस होने पर एक किसान को दोषी पाया गया है। स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट राजाराम भारती ने चेक बाउंस होने पर चेक देनेे वाले किसान पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
थाना भोगांव के तुल्जापुर भैंसरोली के रहने वाले किसान कन्हैयालाल ने आगरा बाईपास रोड स्थित महालक्ष्मी ट्रैक्टर से एक ट्रैक्टर 28 दिसंबर 2017 को खरीदा था। ट्रैक्टर खरीदने के बाद भुगतान के नाम पर किसान ने ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक सुभाषचंद्र उर्फ पप्पू यादव को 142700 का एक चेक एक अगस्त 2018 को दिया।
सुभाष ने जब भुगतान के लिए चेक खाते में जमा किया तो चेक बाउंस हो गया। पीड़ित ने न्यायालय में मुकदमा दायर किया। मुकदमे की सुनवाई स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट राजाराम भारती के न्यायालय में हुई। पीड़ित का पक्ष सुनने के बाद स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट ने किसान पर दो लाख रुपया का जुर्माना लगाया है। रुपया नहीं देने पर एक साल की सजा भुगतनी होगी।
प्राधिकरण में जमा होंगे पांच हजार
स्पेशल जुडीशियल मजिस्ट्रेट राजाराम भारती ने पीड़ित को 1.95 लाख रुपया देने का आदेश दिया है। आदेश में लिखा है कि किसान द्वारा दो लाख रुपया न्यायालय में जमा किया जाएगा। जमा की जाने वाली धनराशि में से पांच हजार रुपया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा किए जाएंगे। पीड़ित को 1.95 लाख रुपया ही मिलेगा।