गांव एलउआ निवासी एक किसान की शनिवार को जिला अस्पताल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों की ओर से बताया गया कि कुछ दिन पूर्व मृतक की पिटाई की गई थी। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पिटाई की वजह से ही मौत हुई है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव एलउआ निवासी 52 वर्षीय रमेश चंद्र को शुक्रवार को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व गांव के नामजद लोगों ने रमेश चंद्र की पिटाई की थी। चोट लगने की वजह से ही उनकी मौत हुई है। हत्या का आरोप लगा रहे परिजनों ने मृतक द्वारा एसपी को भेजा गया एक प्रार्थना पत्र भी दिखाया। उक्त प्रार्थना पत्र में नामजद लोगों की शिकायत चौकी व थाना पर किए जाने की बात कही गई, वहीं कोई कार्रवाई न होने की बात भी कही गई है। वहीं उक्त घटना को लेकर थानाध्यक्ष सुनील भारद्वाज ने बताया कि परिजनों की ओर से पोस्टमार्टम की मांग की गई थी। मारपीट हत्या के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने व तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।