फतेहाबाद फोटो। प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा करते परिजन
फतेहाबाद। कस्बे के बाह रोड बाईपास स्थित एक निजी हाॅस्पिटल में शनिवार को इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। प्रसूता की मौत से गुस्साए परिजन ने हाॅस्पिटल के डॉक्टरों पर गलत दवा देने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि, कुछ देर बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया, जिसके बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को लेकर चले गए।
पिढ़ाैरा थाना क्षेत्र के गांव कौंद निवासी रमेश ने बताया कि शनिवार को प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी सुखदेवी (35) को कस्बा फतेहाबाद के बाह रोड बाईपास पर एक हाॅस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि इलाज के कुछ समय बाद पत्नी सुखदेवी की हालत बिगड़ने लगी, तो डॉक्टर ने उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में प्रसूता सुखदेवी की मौत हो गई। उसके बाद परिजन शव लेकर हाॅस्पिटल पहुंचे और डॉक्टरों पर लाहपरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया। परिजन शव लेकर अपने घर चले गए। प्रसूता के पति रमेश का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस वह किसी अन्य अधिकारी से कोई शिकायत नहीं की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।