आगरा। बैनामे में आयकर चोरी के लिए पैन नंबर तक फर्जी लगाए गए। आयकर विभाग शिकायत पर बैनामे का ब्योरा जुटा रहा है। 30 लाख से अधिक मूल्य के बिना पैन नंबर वाले बैनामे में नकद लेनदेन का रिकाॅर्ड भी नहीं मिल रहा। ऐसे में स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग में हुए बैनामे जांच के दायरे में आ गए हैं।
जिले में 10 उप निबंधक कार्यालय हैं। आयकर विभाग ने पिछले महीने किरावली और फिर सदर तहसील स्थित उप निबंधक द्वितीय कार्यालय से रिकाॅर्ड जब्त किया था। मंगलवार को उप निबंधक पंचम कार्यालय में टीम जांच के लिए पहुंची। आयकर विभाग की जांच 30 लाख से अधिक मूल्य के ऐसे बैनामे पर टिकी है, जिनमें नकद लेनदेन संदिग्ध है।
इन बैनामे में जिन पैन नंबर का इस्तेमाल हुआ, वह जांच में फर्जी निकले हैं। ऐसे बैनामे का ब्योरा और क्रेता-विक्रेता की जानकारी आयकर विभाग को मिल चुकी है। सहायक महानिरीक्षक निबंधन योगेश कुमार ने बताया कि आयकर टीम ने जो दस्तावेज मांगे थे उन्हें उपलब्ध कराए हैं।
बिना पैन नंबर वाले बैनामे में हुए लेनदेन की सूचना फॉर्म 60 के माध्यम से आयकर विभाग को भेजी जाती थी। उन तक यह सूचना नहीं पहुंची। जिसके बाद आयकर विभाग ने जांच शुरू की है।