खंदौली। कस्बे में प्रस्तावित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के लिए पेतखेड़ा गांव से होकर जा रही 33 हजार वोल्ट की लाइन के खंभे गाड़ने लगाए जाने की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणाें ने विरोध शुरू कर दिया और कार्य को रुकवा दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और एसीपी, एत्मादपुर बिजली विभाग के अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।एसडीएम सुमित कुमार और बिजली विभाग के एक्सईएन हिर्देश गोस्वामी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। उन्होंने बताया कि खंभे केवल सरकारी रास्ते की सीमा तक ही गाड़े जाएंगे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि 33 केवी विद्युत स्टेशन के चालू होने से बिजली कटौती से लोगों को राहत मिलेगी। प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से दी गई जानकारी के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद खंभे गाड़ने का कार्य पुनः शुरू करा दिया गया। इस दौरान पूर्व प्रधान सत्यवीर सिंह, कैप्टन ओमवीर सिंह, रमेश सिंह, विद्याराम जुरेल, इंद्रवीर, कृष्णवीर, रज्जो मलूपुर, धर्मवीर सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।