जिंदल इंडिया के नाम से नकली शीट
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिंदल इंडिया लिमिटेड के नाम से नकली शीट बेचने वाले धंधे का भंडाफोड़ किया है। कंपनी की शिकायत पर छापा मारकर गोदाम से 132 पीस, 16 फुट लंबी नकली शीट बरामद की गईं। कंपनी के कर्मचारियों में मुकदमा दर्ज कराया है।
मामले के अनुसार कंपनी की आईपीआर एग्जीक्यूटिव भूमिका कंवर ने बताया की आगरा में व्यापारी आदित्य जैन नकली शीट बनवाकर जिंदल इंडिया लिमिटेड के नाम से बेच रहा था। इससे कंपनी की साख को नुकसान हो रहा था और ग्राहकों को भी धोखा मिल रहा था। इसकी जानकारी लगातार काफी समय से मिल रही थी, जिसके बाद हमने अपने सूत्रों के अनुसार जानकारी प्राप्त की, जिसमें गोकुलधाम में एक फैक्ट्री की जानकारी मिलते ही टीम को और थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी 25 सितंबर को गोकुलधाम रोड स्थित गोदाम बी-3 पर की गई। छापे के दौरान दुकान मालिक आदित्य जैन मौके से नदारद रहा। उसकी पहचान लोहमंडी निवासी के रूप में हुई। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि जिंदल के नाम से माल बनाकर बेचा जा रहा था। बरामद माल को सील कर लिया गया है। दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।